RASHTRADEEP NEWS
आंध्रप्रदेश में बुधवार को एक बड़ा हादसा हो गया, जिसमें अब तक 13 लोगों के मारे जाने की खबर है। अचुतापुरम एक फार्मा कंपनी के कारखाने में अचानक आग लगने से वहां अफरा-तफरी मच गई।
मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियों ने आग पर काबू पाया, लेकिन कारखाने में फंसे कर्मचारियों के नहीं बचाया जा सका। हादसे में कुछ वर्कर बुरी तरह घायल हुए हैं, जिन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जिलाधिकारी विजय कृष्णन ने बताया कि दुर्घटना दोपहर करीब 2 बजे ‘एसेंटिया’ फार्मा कंपनी के संयंत्र में हुई। उन्होंने बताया कि हादसे में घायल 30 कर्मचारियों को अनकापल्ली और अचुतापुरम के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार कारखाने में आग रिएक्टर विस्फोट के चलते लगी, जिसमें 13 मजदूरों ने अपनी जान गंवा दी। कई कर्मचारियों ने इलाज के बीच ही दम तोड़ दिया, जबकि अन्य घायलों को जरूरी स्वास्थ्य सेवाएं दी जा रही हैं। आईएएनएस की रिपोर्ट के अनुसार, अचुतापुरम विशेष आर्थिक क्षेत्र में दवा कंपनी एसिएंटिया में लंच ब्रेक के दौरान यह विस्फोट हुआ। अधिकारियों ने बताया कि लंच ब्रेक के दौरान कंपनी परिसर में विस्फोट के बाद भीषण आग लग गई। कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई और वे जान बचाने के लिए बाहर भागे। विस्फोट के समय कंपनी में लगभग 300 कर्मचारी मौजूद थे। विस्फोट इतना जोरदार था कि इमारत की पहली मंजिल का स्लैब ढह गया।
मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने विस्फोट पर दुख जताया है। उन्होंने अनकापल्ली के जिला कलेक्टर से बात कर स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को घायलों के लिए अच्छे से अच्छा उपचार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।