Operation Sindoor 2025
पहलगाम आतंकी हमले का बदला लेते हुए भारतीय सेना ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) में स्थित आतंकवादी अड्डों को नेस्तनाबूद कर दिया। इस सटीक और योजनाबद्ध कार्रवाई में मोस्ट वॉन्टेड आतंकी मसूद अजहर के 14 करीबी रिश्तेदारों की मौत हुई है, जिसमें उसकी बहन और मौलाना कशफ का पूरा परिवार शामिल है।
भारतीय सुरक्षा बलों ने पाकिस्तान के बहावलपुर, पंजाब और पीओके में कुल 9 आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया। रक्षा सूत्रों के मुताबिक, पंजाब में 4 और पीओके में 5 आतंकवादी अड्डों को तबाह किया गया, जो जैश-ए-मोहम्मद जैसे संगठनों के लिए ट्रेनिंग और लॉन्चपैड के तौर पर इस्तेमाल हो रहे थे।
जैश-ए-मोहम्मद ने हमले की पुष्टि करते हुए बयान जारी किया है कि मौलाना मसूद अजहर की बड़ी बहन, मौलाना कशफ का पूरा परिवार और मुफ्ती अब्दुल रऊफ के पोते-पोतियां इन हमलों में मारे गए हैं। बाजी सादिया के पति और बड़ी बेटी के चार बच्चे भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। हैरानी की बात यह रही कि आतंकी मसूद अजहर ने खुद चिट्ठी लिखकर कहा, “दिल करता है कि काश मैं भी इस हमले में मारा जाता।” यह बयान बताता है कि ऑपरेशन सिंदूर ने आतंकियों के मनोबल को कितनी गहराई से तोड़ा है। मारे गए सभी आतंकियों और उनके रिश्तेदारों को आज, 7 मई 2025 को दफनाया जाएगा। इस कार्रवाई के बाद पाकिस्तान में हड़कंप मचा हुआ है और जैश-ए-मोहम्मद जैसे आतंकी संगठनों में शोक और आक्रोश का माहौल है।


















