🟢 Bikaner Accident News
सीकर जिले के जयपुर–बीकानेर राष्ट्रीय राजमार्ग मंगलवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसे का गवाह बना। फतेहपुर के पास रात 10:40 बजे स्लीपर बस और ट्रक की जोरदार भिड़ंत में 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 28 यात्री घायल हो गए। इनमें 7 की हालत गंभीर बताई जा रही है। टक्कर इतनी तेज थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कई यात्री सीटों में फंस गए।
जानकारी के अनुसार बस में वलसाड (गुजरात) के लगभग 50 यात्री सवार थे। सभी यात्री वैष्णो देवी दर्शन कर लौट रहे थे और खाटूश्यामजी जा रहे थे। हादसा उस समय हुआ जब स्लीपर बस बीकानेर की ओर से जयपुर जा रही थी, वहीं ट्रक झुंझुनूं से बीकानेर की ओर आ रहा था।
टक्कर के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास से गुजर रहे वाहन रुक गए और स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस व एम्बुलेंस को सूचना दी गई। यात्रियों को बस से बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। घायलों को फतेहपुर और सीकर के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की कई टीमें इलाज में जुटी हैं।














