Rajasthan Accident News

शनिवार अलसुबह लाडनूं-सुजानगढ़ हाईवे पर हुए एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे बीकानेर जिले को गमगीन कर दिया। जानकारी के अनुसार सुबह करीब साढ़े पाँच बजे रोडवेज बस और एसयूवी के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भयानक था कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
मरने वालों में मोमासर गांव के मिठाई व्यापारी ठाकरमल सुथार की मां 70 वर्षीय लिछमा देवी, पत्नी 42 वर्षीय तुलछी देवी और बहन 50 वर्षीय शारदा देवी शामिल हैं। इनके साथ दुकान पर काम करने वाले हलवाई ओमसिंह राजपूत की भी दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि हादसे के समय कार ओमसिंह चला रहे थे।
हादसे की खबर से मोमासर गांव में शोक की लहर दौड़ गई। गौरतलब है कि हाल ही में 28 जुलाई को ठाकरमल के पिता का निधन हुआ था। इसी कारण परिवार पुष्कर स्नान के लिए रवाना हुआ था, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। गनीमत यह रही कि कार में सवार तुलछी देवी के तीनों बच्चे—आशीष, मुरली और ममता तथा भुआ जग्गुदेवी हादसे में बाल-बाल बच गए। सभी को लाडनूं अस्पताल में भर्ती कराया गया और प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों की हालत देख हर किसी की आंखें नम हो रही हैं। शवों को पोस्टमार्टम के बाद गांव लाया गया, जहां अंतिम संस्कार की तैयारी की जा रही है।














