⚫ Rajasthan VDO Recruitment Exam 2025
राजस्थान में ग्राम विकास अधिकारी (VDO) भर्ती परीक्षा 2 नवंबर को आयोजित की जाएगी। राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड के अनुसार इस परीक्षा में कुल 850 पदों के लिए 5 लाख 40 हजार से अधिक अभ्यर्थी शामिल होंगे। यानी एक पद के लिए औसतन 635 उम्मीदवारों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिलेगी।
एक ही पारी में होगी परीक्षा – खत्म होगा ‘नॉर्मलाइजेशन’ का झंझट
इस बार राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड ने पहली बार परीक्षा एक ही पारी में आयोजित करने का फैसला किया है। बोर्ड अध्यक्ष आलोक राज ने बताया कि इस निर्णय से अभ्यर्थियों को नॉर्मलाइजेशन जैसी प्रक्रिया से राहत मिलेगी।
परीक्षा का समय
- रिपोर्टिंग टाइम: सुबह 9:00 बजे
- गेट बंद: सुबह 10:00 बजे
- परीक्षा शुरू: सुबह 11:00 बजे
परीक्षा का समय सुबह 11 बजे रखा गया है ताकि दूर-दराज से आने वाले अभ्यर्थियों को समय पर पहुंचने में आसानी हो और सुबह की हड़बड़ी से बचा जा सके।
एडमिट कार्ड के साथ नया लिंक – मिलेगा परीक्षा केंद्र का पूरा लोकेशन गाइड
इस बार बोर्ड ने परीक्षा केंद्र खोजने की परेशानी दूर करने के लिए एक नई सुविधा शुरू की है। 6 जिलों के अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड के साथ एक स्पेशल लिंक दिया गया है, जिस पर क्लिक कर उम्मीदवार अपने परीक्षा केंद्र की जानकारी देख सकेंगे। भले ही गूगल लोकेशन या मुख्य दरवाजे की फोटो अपलोड नहीं हो पाई है, लेकिन इस लिंक में बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन से परीक्षा केंद्र तक पहुंचने की दिशा सहित जरूरी जानकारी उपलब्ध होगी।
परीक्षा केंद्र पर लागू रहेगा ड्रेस कोड
- पुरुष अभ्यर्थी पहन सकते हैं: पूरी या आधी बाजू की शर्ट, टी-शर्ट, कुर्ता-पायजामा, पैंट ।
- महिला अभ्यर्थी पहन सकती हैं: सलवार सूट या साड़ी, आधी या पूरी बाजू की शर्ट, आस्तीन वाला कुर्ता, ब्लाउज, बालों में साधारण रबर बैंड।
- अनुमति होगी: पतली कांच की चूड़ियां, कलावा या जनेऊ, चप्पल, सैंडल, जूते या टखने तक के मोजे
निषेध रहेगा
घड़ी-अंगूठी-कंगन, धूप का चश्मा-बेल्ट-हैंडबैग, हेयरपिन-टोपी-स्कार्फ-स्टोल-शॉल-मफलर, टाई-ब्लेजर या मेटल चेन वाले जूते।
अगर कोई अभ्यर्थी जींस की पैंट पहनकर आता है तो परीक्षा केंद्र अधीक्षक जांच के बाद उसे प्रवेश देंगे। हालांकि इस प्रक्रिया में उसका समय बर्बाद हो सकता है, इसलिए अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे मेटल युक्त कपड़े पहनने से बचें।
















