Rajasthan Crime News
राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले के संगरिया क्षेत्र में शादी के नाम पर धोखाधड़ी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां राहुल जाट नामक युवक ने हरियाणा की युवती से विवाह किया, लेकिन शादी के महज छह दिन बाद ही दुल्हन नकदी, जेवरात और मोबाइल लेकर फरार हो गई। हैरानी की बात ये रही कि पीड़ित युवक को थाने और एसपी ऑफिस के चक्कर लगाने के बाद भी न्याय नहीं मिला, जिसके बाद उसने अदालत का दरवाजा खटखटाया। कोर्ट के आदेश पर अब पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की है।
जानकारी के अनुसार, राहुल जाट की शादी 18 अप्रैल 2025 को हरियाणा के फतेहाबाद जिले के रतिया निवासी सीमा नामक युवती से हुई थी। यह रिश्ता राहुल के गांव के ही एक व्यक्ति राजू और उसकी मां ने तय करवाया था। शादी के बाद सब कुछ सामान्य लग रहा था, लेकिन 24 अप्रैल की सुबह जब घरवाले जागे, तो दुल्हन गायब थी।
राहुल ने बताया कि सीमा के साथ घर में रखे 2 लाख रुपए नकद, लगभग 30 हजार रुपए के चांदी के जेवर, और मोबाइल फोन भी गायब थे। जब सीमा को कॉल किया गया, तो उसने साफ कहा कि “मैं तुम्हारे साथ नहीं रहूंगी, मुझे जो करना था, वो कर दिया।” पीड़ित का आरोप है कि यह एक पूर्व नियोजित साजिश थी, जिसे सीमा और राजू ने मिलकर अंजाम दिया। राहुल का कहना है कि राजू ने ही सीमा को बहला-फुसलाकर पैसे और जेवर लेकर फरार होने को कहा।
पुलिस हरकत में, कोर्ट के आदेश पर FIR दर्ज
थाने से लेकर एसपी कार्यालय तक दौड़ लगाने के बाद भी जब कोई सुनवाई नहीं हुई, तो राहुल ने कोर्ट में याचिका दायर की। कोर्ट के आदेश पर संगरिया पुलिस ने सीमा और राजू के खिलाफ धोखाधड़ी व साजिश रचने की धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। जांच एएसआई किशोर सिंह को सौंपी गई है, जो फिलहाल मामले की गंभीरता से जांच कर रहे हैं।


















