RASHTRADEEP NEWS
विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.Aके सहयोगियों के साथ मिलकर ही उत्तर प्रदेश में कांग्रेस लोकसभा चुनाव के मैदान में उतरेगी। पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने सोमवार को प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ दिल्ली में हुई बैठक में यह साफ कर दिया कि भाजपा को हराने के बड़े लक्ष्य को देखते हुए गठबंधन के सहयोगियों के साथ सीटों को लेकर अब किसी तरह का टकराव नहीं होने दिया जाएगा। बैठक में उत्तर प्रदेश में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर खास जोर दिया गया। कहा गया कि पार्टी के कार्यकर्ताओं को गठबंधन में रहकर ही चुनाव लड़ने की जानकारी दी जाए, जिससे किसी स्तर पर कहीं कोई भ्रम न रहे।
कुछ वरिष्ठ नेताओं ने कहा कि गठबंधन में उत्तर प्रदेश की 80 लोकसभा सीटों में कांग्रेस की सम्मानजनक भागीदारी होनी चाहिए। जिससे उसके कमजोर होने का संदेश न जाए। बसपा को भी गठबंधन का हिस्सा बनाए जाने की बात भी हुई। हालांकि, केंद्रीय नेतृत्व ने कहा कि अभी बसपा साथ नहीं है। जो दल साथ आए हैं, उनके साथ पार्टी मजबूती से कदम बढ़ाएगी।
मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी व राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल के अलावा प्रियंका वाड्रा भी मौजूद रहीं। प्रियंका उत्तर प्रदेश की प्रभारी भी हैं। बैठक में प्रियंका ने यूपी के वरिष्ठ नेताओं से कहा कि वह उन्हें सुनने आई हूं। बैठक के अंत में प्रियंका ने संगठन को बूथ स्तर तक गतिशील किए जाने पर जोर दिया।