RASHTRADEEP NEWS
सरकार बदल गई, लेकिन नगर निगम की कार्यशैली का ढर्रा नहीं बदला। निगम में स्वास्थ्य अधिकारी के दो पद स्वीकृत होने व किसी भी पद पर स्थायी नियुक्ति नहीं होने से स्वास्थ्य अधिकारी के बार-बार बदलने का क्रम नई सरकार आने के बाद भी जारी है। पिछले कुछ महीनों से स्वास्थ्य अधिकारी पद का दायित्व संभाल रहे अशोक कुमार व्यास के स्थान पर अब निगम सहायक अभियंता ओम प्रकाश चौधरी को स्वास्थ्य अधिकारी का कार्यभार सौंपा गया है।
बुधवार को निगम आयुक्त के एल मीणा ने इस संबंध में आदेश जारी किए। आदेश के अनुसार सहायक अभियंता स्वच्छ भारत मिशन का कार्य संभाल रहे ओम प्रकाश चौधरी को आगामी आदेशों तक अपने वर्तमान कार्य के साथ साथ स्वास्थ्य अधिकारी के पद का कार्य संपादित करने के निर्देश दिए है।
मुरलीधर व्यास नगर स्थित राजस्थानी भाषा साहित्य एवं संस्कृति अकादमी परिसर में विकसित भारत संकल्प यात्रा के तहत हुए कैम्प के दौरान निगम स्वास्थ्य अधिकारी को लेकर महापौर-आयुक्त में बहस भी हुई। इस दौरान विधायक जेठानन्द व्यास आयोजन स्थल पर मौजूद थे। इसी दौरान निगम आयुक्त ने स्वास्थ्य अधिकारी को बदलने के लिए आदेश तैयार करने के निर्देश कर्मचारी को दिए। थोड़ी ही देर में आदेश भी जारी हो गया।