RASHTRADEEP NEWS
राजस्थान में भी हड़ताल समाप्ति की घोषणा के बाद बसों और ट्रकों की आवाजाही शुरू हो गई। बुधवार सुबह से प्रदेश की प्रमुख मंडियों में ट्रकों का पहुंचना शुरू हो गया है। वहीं, पेट्रोल पंपों पर भी ऑयल की सप्लाई मंगलवार देर रात से स्टार्ट हो गई है। अलग-अलग एसोसिएशन से जुड़े पदाधिकारियों का कहना है बुधवार शाम तक सब्जियों व अन्य सामान की सप्लाई पूरी तरह से सामान्य हो जाएगी। वहीं, जयपुर की सबसे सब्जी मंडी मुहाना में दो दिन से बढ़े सब्जियों के रेट अब सामान्य होने का दावा किया जा रहा है। जयपुर सहित प्रदेश के दूसरे शहरों में ट्रैफिक को लेकर भी स्थिति सामान्य है।
देश के नए हिट एंड रन कानून को लेकर राजस्थान में मंगलवार को पूरे दिन विरोध जारी रहा। ड्राइवर्स और ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन ने ट्रक और ट्रांसपोर्ट वाहन बंद कर दिए। इससे जनजीवन अस्त-व्यस्त होने लगा। जयपुर समेत सभी बड़े शहरों में फल-सब्जियों, दूध और पेट्रोल की किल्लत शुरू हो गई, वहीं सिटी बसों के पहिए भी थम गए। राजस्थान में ट्रक और ट्रेलर एसोसिएशन, प्राइवेट बस ऑपरेटर्स के साथ टैक्सी ड्राइवर भी हड़ताल में शामिल हो गए थे।



















