RASHTRADEEP NEWS
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल का अंतिम बजट 1 फरवरी 2024 को लोकसभा में पेश करेंगी। वित्त मंत्री सीतारमण इस बार छठवीं बार बजट पेश करेंगी। हालांकि इस साल आम चुनाव होने हैं इस लिए इस बार वित्त मंत्री की ओर से पेश किया जाने वाला बजट एक अंतरिम बजट होगा। आम चुनावों के बाद जब नई सरकार का गठन होगा, उसके बाद फिर से पूर्ण बजट पेश किया जाएगा।
जानकारों का मानना है कि इस बार के अंतरिम बजट के जरिए सरकार अगले वित्त वर्ष में किए जाने वाले विकास का खाका पेश कर सकती है, ऐसे में देश के हर वर्ग के लोगों को बजट से काफी उम्मीदें हैं। इनमें गरीब, युवा, किसान, महिलाएं, कारोबारी और नौकरीपेशा तबका भी शामिल है।
किसानों के लिए अंतरिम बजट, कृषि क्षेत्र के जानकारों का मानना है कि इस बार के बजट में सरकार किसान सम्मान निधि की राशि में बढ़ोतरी का एलान कर सकती है। किसान सम्मान निधि को वर्तमान के 6000 रुपये से बढ़ाकर 8000 से 9000 तक किया जा सकता है। इस बार के बजट में सरकार नेशनल पेंशन स्कीम यानी एनपीएस को आकर्षक बनाने का एलान कर सकती है। इस बार के अंतरिम बजट में सरकार का फोकस आम लोगों के लिए सामाजिक सुरक्षा योजनाओं को बढ़ावा देने पर हो सकता है। साल 2024 के अंतरिम बजट में मोदी सरकार किसानों के फसल के साथ-साथ स्वास्थ्य और जीवन बीमा योजनाओं का भी प्रस्ताव ला सकती है।
महिलाओं को इस बार बजट में, इस बार के अंतरिम बजट में महिलाओं के लिए भी बजट का आकार बढ़ाया जा सकता है। पिछले 10 वर्षों में महिलाओं से जुड़ी योजनाओं पर बजट खर्ज का दायरा 30% तक बढ़ा है। इस बार के अंतरिम बजट में सरकार डायरेक्ट कैश ट्रांसफर जैसी योजना का एलान कर सकती है। महिलाओं की कौशल विकास योजना का भी एलान किया जा सकता है। संभव है कि महिला किसानों के लिए सम्मान निधि के रूप में सालाना 12 हजार रुपये तक की राशि देने का एलान किया जाए। मनरेगा के लिए महिलाओं को विशेष आरक्षण और अधिक मानदेय देने की भी उम्मीद है। इसके लिए महिलाओं को ब्याज रहित लोन देने का भी प्रस्ताव लाया जा सकता है।
सरकार अंतरिम बजट से पहले 31 जनवरी को आर्थिक सर्वेक्षण पेश कर सकती है। इस बार संसद का बजट सत्र 31 जनवरी से शुरू होगा और 9 फरवरी तक चलेगा। 31 जनवरी को राष्ट्रपति का अभिभाषण होना है। इस दिन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू संसद के दोनों सदनों को संयुक्त रूप से संबोधित करेंगी। राष्ट्रपति के संबोधन के बाद इसी दिन आर्थिक सर्वेक्षण रिपोर्ट भी पेश किया जाएगा।