RASHTRADEEP NEWS
यह घटना अलवर भिवाड़ी के रीको चौक में गुरुवार दोपहर 2.30 बजे की है। जहां सिलेंडर में ब्लास्ट से 7 साल का मासूम जिंदा जल गया। बच्चा चाचा के पास चाय की थड़ी पर आया हुआ था। जिस समय हादसा हुआ उसका चाचा मौजूद नहीं था।
जानकारी के अनुसार रीको चौक पर सुरेंद्र ने चाय बनाने के लिए थड़ी लगा रखी थी। उनका सात साल का भतीजा रितिक सुबह उनके साथ ही थड़ी पर आया था। दोपहर में चाचा ने गैस पर चाय बनने के लिए रख रखी थी। इसके बाद पास की फैक्ट्री में चाय देने चला गया था। भतीजा रितिक थड़ी पर अकेला बैठा था। इस दौरान सिलेंडर में लीकेज होने लगा, जिसका बच्चे को पता नहीं चला। अचानक तेज धमाके के साथ सिलेंडर फट गया और आग लग गई। थड़ी के ऊपर से गुजर रही थ्री फेज की मोटी केबल भी टूटकर गिर गई। आग की लपटें देखकर आस-पास के लोग दौड़े। सूचना पर चाचा भी मौके पर पहुंचा।
आग की लपटों में बच्चा फंस गया। अंदर रखा फ्रीज मासूम के ऊपर गिर गया और वह बाहर नहीं निकल पाया। थड़ी के सामने स्थित SBI एटीएम बूथ के गार्ड ने बच्चे को आग से बचाने की कोशिश की। लपटें इतनी तेजी से ऊपर उठ रही थी कि अंदर नहीं जा पाया। थोड़ी ही देर में सब कुछ तबाह हो गया। गार्ड राजकुमार ने बताया कि, आग इतनी तेज थी कि बच्चे को बचा नहीं पाया। मेरा एक हाथ भी झुलस गया।
घटना की सूचना पर रीको से दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंची और करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। रितिक के पिता विक्रम 10 साल से भिवाड़ी के कासमॉस सोसाइटी में रहते हैं। जो मूलतः थानागाजी (अलवर) के रहने वाले हैं। हरचंदपुर (अलवर) में किराने की दुकान चलाते हैं।