RASHTRADEEP NEWS
भजनलाल सरकार ने गहलोत सरकार के कार्यकाल में ‘प्रशासन शहरों के संग अभियान’ में जारी 9 लाख से ज्यादा पट्टों का रिव्यू करवाने का निर्णय लिया है। यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने कहा कि पिछली सरकार में ‘प्रशासन शहरों के संग अभियान’ में बड़ी संख्या में मकानों के पट्टे जारी किए गए थे। इसमें बड़ी गड़बड़ी की शिकायतें सामने आ रही थीं। ऐसे में सरकार के स्तर पर अब जल्द ही पूर्व में जारी किए गए गलत पट्टों का रिव्यू किया जाएगा।
खर्रा ने कहा कि, इसको लेकर ही जल्द ही आम जनता से शिकायतें मांगी जाएंगी। उसके आधार पर आला अधिकारियों की देखरेख में पट्टों की जांच की जाएगी। खर्रा मंगलवार को सचिवालय में एंपावर्ड कमेटी की बैठक में शामिल हुए थे। अगर जांच में अनियमितता या गड़बड़ पाई जाती है तो संबंधित पट्टे को निरस्त कर दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही वर्तमान में भी प्रदेशभर में पट्टों को लेकर काफी प्रकरण लंबित चल रहे हैं। ऐसे में प्रशासन शहरों के संग अभियान को आगे बढ़ाने को लेकर जल्द रिव्यू कर अंतिम फैसला किया जाएगा।
झाबर सिंह खर्रा ने कहा कि प्रदेशभर के सभी नगर निकायों का सीमांकन फिर से किया जाएगा। अगर जरूरत पड़ी, तो विस्तार भी किया जाएगा। अगर पूर्व में कहीं कोई गलत सीमांकन हुआ है, तो उसमें सुधार भी किया जाएगा।


















