RASHTRADEEP NEWS
बीकानेर में बारिश से बर्बादी और प्रशासन की अनदेखी के खिलाफ फूट रहा आक्रोश थमने का नाम नहीं ले रहा। एक पार्षद को हिरासत में लेने के बाद कांग्रेस के पार्षद और नेताओं ने कलेक्ट्रेट पर हल्ला बोल दिया है। देहात कांग्रेस अध्यक्ष बिशनाराम सियाग, पार्षद आनंदसिंह सोढ़ा सहित कई पार्षद, कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट पहुंच गये। यहां कलेक्टर से मिलने उनके दफ्तर में जा रहे कांग्रेस नेताओं की पुलिस से झड़प हो गई। पुलिस ने रोकने की कोशिश की लेकिन वे नहीं रूके। आखिरकार कलेक्टर ऑफिस में पहुंचकर उन्होंने अपनी बात रखी।
कांग्रेस अध्यक्ष बिशनाराम सियाग और पार्षद आनंदसिंह सोढ़ा ने कहा, पूरा शहर पानी-पानी है। सूरसागर की दीवार गिर गई। सड़क धंस गई। कुछ देर और बारिश होती तो कई मकान सूरसागर में समा जाते। लोग कंट्रोल रूम से लेकर अधिकारियों तक को फोन करते रहे। पूरी रात कोई नहीं आया। सुबह यूआईटी के तहसीलदार आये और उन्होंने रूखा जवाब दिया तो मोहल्ले के लोगों ने उन्हें पंप हाउस में बंद कर दिया। इसके बाद पुलिस ने पार्षद लक्ष्मणसिंह को घसीटते हुए थाने ले जाकर बंद कर दिया।
कांग्रेस नेताओं ने मांग रखी कि हिरासत में लिये गये पार्षद लक्ष्मणसिंह को तुरंत रिहा करो। दोषी पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए और वे अपने दुर्व्यवहार के लिये माफी मांगे। इसके साथ ही बीकानेर में हर दिन बदतर हो रहे हालात सुधारने के लिये जल्द से जल्द बंदोबस्त हो। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि अगले कुछ घंटों मं मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन करेंगे।