Bikaner Breaking
  • Home
  • Bikaner
  • बीकानेर: कीचड़ से परेशान होकर गंदे पानी में पालिकाध्यक्ष की फोटो लगाकर पहनाई माला…
Image

बीकानेर: कीचड़ से परेशान होकर गंदे पानी में पालिकाध्यक्ष की फोटो लगाकर पहनाई माला…

RASHTRADEEP NEWS

बीकानेर जिले के श्रीडूंगरगढ़ में शुक्रवार को हुई 85 एमएम बरसात से इतनी परेशानी नहीं हुई जितनी बिना बारिश के बंद पड़े सीवरेज के चेम्बरों और गलियों में कीचड़ पसरने से हुई। दोनों ही मामलों में कस्बेवासियों का धैर्य टूट गया। मुख्य बाजार में व्यापारियों ने कीचड़ के कारण दुकानें नहीं खोली, रास्ता रोककर विरोध जताया। वहीं वार्ड 23 और 24 के निवासियों में गंदे पानी के बीच पालिकाध्यक्ष मानमल शर्मा का फोटो लगाकर, उस पर माला पहनाकर विरोध जताया। शुक्रवार सुबह मुख्य बाजार में नाले जाम होने से बरसाती पानी के बाद कीचड़ फैल गया। गंदे पानी से सड़कें खराब हो गई, इससे व्यापारियों के साथ ग्राहकों का भी आवागमन बंदसा हो गया। सुबह-सुबह दुकानों के आगे कीचड़ फैला देखकर दुकानदारों ने अपने प्रतिष्ठान खोले ही नहीं। दुकानों के बाहर बैठकर प्रदर्शन किया और रास्ता रोक लिया।

सूचना मिलने पर विधायक ताराचन्द सारस्वत ने पालिका कार्मिकों को रविवार होने के बावजूद मार्केट की सफाई करने के आदेश दिए। एसडीएम उमा मित्तल ने भी कार्मिकों को एएसआई कमल चांवरिया के साथ भेजा। दुकानदारों से समझाइश करके रास्ता खोला गया। जाम पड़े चैम्बर और नालों की सफाई शुरू करवाई। वहीं शाम को वार्ड 23 और 24 के निवासियों ने अपना रोष जताने के लिए अनोखा तरीका निकाला।

उन्होंने पालिकाध्यक्ष मानमल शर्मा की फोटो को गोपाल गोशाला के पास गंदे पानी की गली में रखकर उस पर माला पहनाई, अगरबत्तियां जलाई। क्षेत्र के पूर्व पार्षद मूलचंद स्वामी, लीलाधर भार्गव, गंगाराम सिखवाल, नानूराम भार्गव, लखन भार्गव, महेंद्र कुमार, मनीष कुमार, दिनेश कुमार, गोपाल राम, श्यामसुंदर, लिड्छु तावनियां, राजा जोशी, किशोर भार्गव आदि ने पालिका प्रशासन और अध्यक्ष के खिलाफ रोष जताया।

उन्होंने कहा कि पालिकाध्यक्ष और प्रशासन को बार-बार अवगत करवाने के बाद भी उनके क्षेत्र में सफाई नहीं करवाई जा रही। इसी कारण उनकी गलियों में गंदगी फैल रही है। सीवरेज चेंबर जाम हो चुके हैं, बारिशमें घरों में पानी भर रहा है। उन्हें लग ही नहीं रहा कि कस्बे में पालिकाध्यक्ष है या नहीं। इसी कारण उन्होंने विरोध का यह तरीका अपनाया। पालिकाध्यक्ष मानमल शर्मा का कहना है कि पालिका में स्थाई ईओ नहीं है, ऐसे में परेशानी आ रही है। रविवार होने के बावजूद सफाईकर्मियों को लगाकर बाजार में सफाई करवाई गई है। कुछ लोग जानबूझकर नकारात्मक माहौल बना रहे हैं। यह विपक्ष की चाल है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *