RASHTRADEEP NEWS
जैसलमेर के बईया गांव में ओरण भूमि पर सोलर प्लांट लगाने का विरोध कर रहे ग्रामीणों को गिरफ्तार करने से पूरे क्षेत्र में आक्रोश फैल गया है। जानकारी के मुताबिक ग्रामीण कई दिन से सौलर प्लांट लगाने वाली एक कंपनी के द्वारा ओरण भूमी पर पेड़ काटने का विरोध कर रहे थे। बुधवार को जब पुलिस प्रशासन ने विरोध कर रहे ग्रामीणों को हिरासत में लिया तो इस मामले ने तूल पकड़ लिया।
घटना के बाद शिव से निर्दलीय विधायक रविन्द्र सिंह भाटी ने कड़ा विरोध जताया और घटनास्थल पर जाकर धरने पर बैठ गए। एक वायरल वीडियो में देखा जा रहा है कि ग्रामीणों को हिरासत में लेने के बाद रविन्द्र सिंह भाटी पुलिस प्रशासन से नाराजगी जाहिर कर रहे हैं।दरअसल, ग्रामीणों द्वारा अपनी संस्कृति, अपनी भूमि और ओरण के संरक्षण की भावना से उठाए गए इस विरोध को दबाने के प्रयास में पुलिस प्रशासन ने न केवल ग्रामीणों को हिरासत में लिया, बल्कि उनके साथ मारपीट भी की। स्थानीय लोगों की आस्था और प्रकृति की इस धरोहर पर हुए इस आक्रमण और प्रशासन की ओर से किए गए दमन के प्रति लोगों में व्यापक आक्रोश फैल गया है।
उन्होंने कहा, “वर्षों से हमारे पूर्वजों ने जिन मंदिरों और ओरण में पाए जाने वाले दुर्लभ वृक्षों की रक्षा की और इसके लिए अपने प्राणों का बलिदान भी दिया, आज उसी भूमि पर जबरन पेड़ों की कटाई और निर्माण कार्य प्रारंभ किया जा रहा है। यह न केवल अन्याय है बल्कि हमारी सांस्कृतिक और प्राकृतिक धरोहर पर सीधा हमला है।”