RASHTRADEEP NEWS
आलाकमान के आह्वान पर आज राजस्थान की राजधानी जयपुर के शहीद स्मारक पर कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस द्वारा शहीद स्मारक से राजभवन तक पैदल मार्च भी निकालने का प्रयास किया गया, लेकिन पुलिस ने बेरिकेड लगाकर कार्यकर्ताओं को रोक लिया।
बता दें, इस धरना-प्रदर्शन में अशोक गहलोत, सचिन पायलट, गोविंद सिंह डोटासरा, टीकाराम जूली सहित कांग्रेस के सभी बड़े नेता नजर आए। शहीद स्मारक से राजभवन तक पैदल मार्च के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने डोटासरा और पायलट को कंधों पर उठा लिया। इसके बाद बैरिकेडिंग के पास जमकर नारेबाजी की और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राजभवन कूच करने की कोशिश की। लेकिन कार्यकर्ताओं और नेताओं को बैरिकेडिंग कर रोका। इसके बाद कांग्रेस के कार्यकर्ताओं की पुलिस से झड़प भी हो गई। उसके बाद वाटर कैनन से पानी की बौछार की गई। इस दौरान कांग्रेस की महिला कार्यकर्ता शमा खान और अन्य कार्यकर्ताओं की पुलिस से धक्का-मुक्की हो गई। शमा खान इस दौरान बेहोश हो गईं। इसके बाद उनको पानी पिला करके साथी कार्यकर्ताओं और पुलिस ने संभाला।
इस दौरान गहलोत ने कहा कि हम किसी तरह से कमजोर नहीं हैं…दिल से दिमाग से इरादे से…हमें अपने गांव में घर-घर में संपर्क करना है, पंचायत चुनाव में काम करना है। उन्होंने कहा कि बाद में असेंबली और लोकसभा के चुनाव आएंगे, तब आपको मजबूत रहना है। पब्लिक अब समझ चुकी है क्या फर्क है पिछली सरकार में और इस सरकार में।