RASHTRADEEP NEWS – माध्यमिक शिक्षा निदेशक ने 260 स्कूलों को उच्च माध्यमिक स्कूलों में समाहित करने के आदेश दिए हैं। इनमें कम नामांकन वाले 14 स्कूलों को निकट के स्कूलों में समाहित किया है। इनमें जयपुर, जोधपुर, बीकानेर, पाली, अजमेर, ब्यावर जिले के 2- 2 और हनुमानगढ़ व उदयपुर का 1-1 विद्यालय शामिल है। प्रारंभिक शिक्षा के ऐसे 9 स्कूलों को उनके निकट के उच्च माध्यमिक स्कूलों में समन्वित किया गया है। प्रारंभिक शिक्षा के 190 स्कूलों को मिला कर इस माह अब तक 450 स्कूलों को मर्ज किया जा चुका है।
प्रदेश में स्कूलों को मर्ज करने के सरकारी फैसले की प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा व नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने निंदा की है।
कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि भाजपा सरकार शिक्षा प्रणाली में सुधार एवं विस्तार करने की जगह स्कूल बंद करने का काम करती है। नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने सरकार की शिक्षा नीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि इससे गरीब और कमजोर वर्ग के बच्चों को सबसे नुकसान होगा। स्कूलों को बंद करना निंदनीय है। सरकार को चाहिए कि वह स्कूलों को बंद करने की जगह इनमें सुधार और विस्तार पर ध्यान दें।
















