Rajasthan News
राजस्थान के सीकर जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। नीमकाथाना शहर में एक निर्दयी पिता ने अपनी पांच महीने की जुड़वा बेटियों की बेरहमी से हत्या कर दी। मामूली झगड़े के बाद गुस्साए पिता अशोक ने पहले अपनी मासूम बेटियों—निधि और नव्या—को जमीन पर पटककर मार डाला और फिर उनके शवों को जमीन में दफना दिया।
बताया जा रहा है कि आरोपी पिता का अपनी पत्नी अनीता के साथ गुरुवार सुबह से झगड़ा चल रहा था। सुबह 11 बजे अनीता अपनी बेटियों को टीकाकरण के लिए लेकर गई थी। दोपहर करीब ढाई से तीन बजे के बीच पति-पत्नी में कहासुनी बढ़ गई और अशोक ने अनीता के साथ मारपीट की। बेहोश होने के बाद जब अनीता को होश आया, तो उसकी बेटियां घर से गायब थीं। जब अनीता ने अपनी बेटियों के बारे में पूछा, तो घर में मौजूद परिवार के सदस्यों ने चुप्पी साध ली। शक होने पर अनीता ने अपने भाई सुनील यादव को फोन कर पूरी घटना बताई। इसके बाद सुनील ने कोतवाली पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पूछताछ के दौरान अनीता ने पुलिस को पूरी घटना बताई। पुलिस ने तत्काल आरोपी अशोक को गिरफ्तार कर लिया। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया और दोनों बच्चियों को दफनाने की बात स्वीकार की।
पोस्टमार्टम के बाद होगा बड़ा खुलासा
दोनों मासूम बच्चियों के शवों को बरामद कर लिया गया है और मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। इससे उनकी मौत के सही कारणों का खुलासा होगा। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या इस घटना में परिवार के अन्य सदस्य भी शामिल थे। इस दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर कोई पिता अपनी ही संतान के प्रति इतना निर्मम कैसे हो सकता है?


















