Bikaner Breaking
  • Home
  • Rajasthan
  • दो जगह लगी भीषण आग, देर रात तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन…
Image

दो जगह लगी भीषण आग, देर रात तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन…

Rajasthan News

गुरुवार रात जोधपुर में दो अलग-अलग जगहों पर भीषण आग की घटनाओं से हड़कंप मच गया। कबीर नगर स्थित चूड़ी फैक्ट्री और आंगनवा रोड पर केमिकल गोदाम में लगी आग ने पूरे इलाके को दहला दिया। आग इतनी भयावह थी कि दमकल विभाग को 14 फायर ब्रिगेड और स्काई लिफ्ट की मदद लेनी पड़ी। एयरफोर्स और सेना की टीमें भी राहत कार्य में जुट गईं।

कबीर नगर में चूड़ी फैक्ट्री बनी आग का गोला

रात करीब 9:15 बजे बालकिशन शाह और मदन गोपाल शाह की चूड़ी फैक्ट्री में आग लग गई। शुरुआत में फैक्ट्री के ग्राउंड फ्लोर पर धुआं दिखा, लेकिन 11 बजे तक आग छत तक पहुंच गई, जहां पैकिंग मटेरियल रखा था। फैक्ट्री में प्लास्टिक की चूड़ियां और डिब्बे होने के कारण आग तेजी से फैली और बुझाना बेहद मुश्किल हो गया।
शास्त्री नगर फायर स्टेशन से सबसे पहले 2 दमकलें मौके पर पहुंचीं। आग की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त 8 दमकलें, नगर निगम दक्षिण की स्काई लिफ्ट और एयरफोर्स व आर्मी की फायर ब्रिगेड को भी बुलाया गया। आग बुझाने के दौरान एक फायरमैन का हाथ झुलस गया, जबकि एक अन्य कर्मचारी के पैर में गंभीर चोट आई। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं है, लेकिन प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है।

आंगनवा रोड पर केमिकल गोदाम में धमाके के साथ लगी आग

दूसरी घटना आंगनवा रोड स्थित एक केमिकल गोदाम की है, जहां देर रात आग लग गई। गोदाम में रखे केमिकल ड्रमों में धमाके हुए, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। आग के कारण आस-पास के लोग घरों से बाहर निकल आए और घटनास्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई।
स्थिति को नियंत्रण में करने के लिए सूरसागर, प्रताप नगर सदर और प्रताप नगर पुलिस को मौके पर बुलाया गया। पुलिस ने तुरंत बैरिकेडिंग कर लोगों को सुरक्षित दूरी पर भेजा। गनीमत रही कि पास में स्थित गैस गोदाम तक आग नहीं पहुंची, जिससे बड़ा हादसा टल गया। फायर ब्रिगेड ने समय रहते पहुंचकर आग को फैलने से रोक लिया।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *