Rajasthan/ Banswara News
राजस्थान के बांसवाड़ा जिले से रविवार देर रात गोवंश से भरे 52 ट्रक मध्य प्रदेश की सीमा की ओर रवाना हुए, लेकिन सीमा पर रोक दिए जाने के बाद मामला गरमा गया। इस पूरे घटनाक्रम ने राजनीतिक भूचाल ला दिया है। बांसवाड़ा सांसद राजकुमार रोत ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि “गाय के नाम पर वोट लेकर सत्ता में आई भाजपा सरकार, अब खुद पुलिस की सुरक्षा में गौ-तस्करी करवा रही है।” जिसके चलते सांसद रोत ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से इस्तीफे की मांग करते हुए इस प्रकरण की जांच केंद्रीय एजेंसी से कराने की बात कही है।
बताया जा रहा है कि, कथित गौरक्षकों का एक दल इन ट्रकों का पहले से पीछा कर रहा था। जैसे ही ट्रक एमपी सीमा में पहुंचे और प्रशासन की अनुमति नहीं मिली, गौरक्षक सक्रिय हो गए और हंगामा शुरू हो गया। गौरक्षकों ने राजस्थान पुलिस पर तस्करों को संरक्षण देने का आरोप लगाया। स्थिति बिगड़ते देख पुलिस ने गौरक्षकों को मौके से हटाया, जिससे मामला और अधिक विवादास्पद हो गया।
इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं —
- क्या राज्य सरकार की शह पर हो रही है गो-तस्करी?
- पुलिस काफिले के साथ ट्रक क्यों जा रहे थे?
- क्या वाकई “गाय” केवल चुनावी मुद्दा बनकर रह गई है?
राजनीतिक गलियारों में इस मुद्दे ने हलचल मचा दी है। आने वाले दिनों में यह मामला और तूल पकड़ सकता है।
















