Rajasthan News
उदयपुर जिले के पाटिया थाना क्षेत्र के छतरी गांव में बुधवार रात दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। प्रभुलाल गमेती के कच्चे मकान में अचानक आग लगने से उनके चारों बच्चे लपटों में घिर गए। चीखते-चिल्लाते मां-बाप जान बचाने के लिए दौड़े, लेकिन वे सिर्फ दो बच्चों को ही बाहर निकाल सके। दो मासूम 14 साल की जीनल और 8 साल के सिद्धार्थ आग में जिंदा जल गए।
बताया जा रहा है कि, दोनों बच्चों की बॉडी इस कदर झुलस चुकी थी कि पहचानना भी मुश्किल था। ग्रामीणों ने भी जान बचाने की कोशिश की, पर तब तक बहुत देर हो चुकी थी। हादसे में बचाए गए 10 वर्षीय सुमित और 9 साल की सकीना का इलाज जारी है। वहीं घायल मां-बाप सदमे में हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मकान के ऊपर लगे तिरपाल और छप्पर पर बिजली का टूटा तार गिरने से आग लगी। हालांकि, शॉर्ट सर्किट या पेट्रोल से आग लगने की संभावना पर भी जांच चल रही है।घटना के बाद पूरे गांव में मातम छा गया है। गुरुवार को खेरवाड़ा हॉस्पिटल में मृत मासूमों का पोस्टमार्टम किया जाएगा।


















