Rajasthan Politics
राजस्थान के टोंक जिले में सनसनीखेज मामला सामने आया है। कांग्रेस विधायक दीनदयाल बैरवा को मोबाइल पर जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। धमकी के बाद गुस्साए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट के बाहर जमकर विरोध प्रदर्शन किया और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई।
मंगलवार रात विधायक बैरवा के मोबाइल पर आए कॉल ने सबको चौंका दिया। कॉल करने वाले ने न सिर्फ गाली-गलौच की, बल्कि जान से मारने की भी खुली धमकी दी। विधायक ने बताया कि इससे पहले भी कई बार ऐसे धमकी भरे कॉल आ चुके हैं।
15 अप्रैल को आरोपी ने धमकी भरा वीडियो और ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर सनसनी फैला दी। मामला बढ़ता देख विधायक ने एसपी से मिलकर पूरी घटना की शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने मामला गंभीरता से लेते हुए केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सुरक्षा एजेंसियां आरोपी की तलाश में जुट गई हैं। वहीं, विधायक की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।















