Bikaner News
बीकानेर शहर में सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बीकानेर यातायात पुलिस ने शुक्रवार को एक दिवसीय विशेष चेकिंग अभियान चलाया। एसपी कावेन्द्र सागर के निर्देशन और यातायात पुलिस टीम की निगरानी में आयोजित इस अभियान के दौरान विभिन्न इलाकों से कुल 25 वाहनों को सीज किया गया।
चेकिंग के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने, बिना नंबर प्लेट के गाड़ी चलाने तथा बुलेट मोटरसाइकिल पर मोडिफाईड साइलेंसर लगाने वालों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ यह सख्ती आगे भी जारी रहेगी।
यातायात पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करें। पुलिस का कहना है कि नियमों का उल्लंघन न केवल खुद की, बल्कि दूसरों की जान को भी खतरे में डालता है।
बीकानेर यातायात पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ऐसे अभियान से लोगों में जागरूकता बढ़ने की उम्मीद की जा रही है। साथ ही यह संदेश भी दिया गया है कि नियमों की अनदेखी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।















