Bikaner News
बीकानेर के धोबीधोरा क्षेत्र में शनिवार को एक बेकाबू गाय ने सड़क पर चल रहे तीन लोगों पर हमला कर दिया। जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। घायलों में शुचि भारद्वाज, उनके पिता हरिकिशन शर्मा और एक युवक विजेंद्र शामिल हैं। तीनों को हाथ, पैर और सिर सहित शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं।
जानकारी के अनुसार, गाय इतनी आक्रोशित थी कि पीड़ितों को सड़क पर घसीटती रही। आसपास के लोगों ने पानी और लाठियों की मदद से काफी मशक्कत के बाद गाय को काबू में किया। स्थानीय निवासी विनोद कुमार पांडे ने बताया कि क्षेत्र में यह पहली घटना नहीं है। हाल ही में एक आवारा कुत्ते ने 5 वर्षीय बच्ची पर हमला कर दिया था। जिसके शरीर पर करीब 20 टांके आए।
क्षेत्रवासियों ने नगर निगम पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए बताया कि शहर में सैकड़ों की संख्या में अवैध बाड़े संचालित हो रहे हैं, जहां से गायें, बैल और आवारा कुत्ते खुलेआम घूमते हैं। इससे आम जनता खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है और प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग कर रही है।















