Bikaner Nehar Bandi
बीकानेर सहित पश्चिमी राजस्थान के लाखों लोगों के लिए राहतभरी खबर सामने आई है। बीते करीब 20 दिनों से चल रही इंदिरा गांधी नहरबंदी को अब समाप्त कर दिया गया है। नहरबंदी के कारण पेयजल संकट से जूझ रहे लोगों को अब राहत मिलने की उम्मीद है। यह फैसला राजस्थान सरकार के हस्तक्षेप के बाद लिया गया है।
राज्य सरकार की सक्रियता लाई रंग
शनिवार को राजस्थान सरकार ने नहरबंदी समाप्त करने का निर्णय लिया और तुरंत भाखड़ा ब्यास मैनेजमेंट बोर्ड (BBMB) को इसकी सूचना दी गई। इसके बाद रविवार सुबह हरिके बैराज से 600 क्यूसेक और पोंग डेम से 6000 क्यूसेक पानी राजस्थान के लिए छोड़ा गया।
जल्द पहुंचेगा पानी, खत्म होगा संकट
नहरबंदी के कारण बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, झुंझुनूं, जैसलमेर, बाड़मेर, जोधपुर, नागौर और सीकर जैसे जिलों में पीने के पानी तक की भारी किल्लत हो गई थी। फिलहाल इन जिलों में एक दिन छोड़कर पानी सप्लाई की जा रही है, लेकिन अब पानी की नियमित टोंटी चालू होने की संभावना है।
इंजीनियरिंग विभाग ने दी जानकारी
इंदिरा गांधी नहर परियोजना के अतिरिक्त मुख्य अभियंता विवेक गोयल ने बताया कि नहरबंदी समाप्त करने का प्रस्ताव एक दिन पहले भेजा गया था, जिसे तुरंत स्वीकृति दी गई। पानी छोड़े जाने के 2-3 दिन में यह बीकानेर पहुंचेगा और आमजन को राहत मिलेगी।















