Bikaner News
बीकानेर जिले के श्रीडूंगरगढ़ कस्बे से कालू की ओर जा रही एक पिकअप गाड़ी सोमवार को दर्दनाक हादसे का शिकार हो गई। आडसर बास निवासी राजेश पुत्र पूनमचंद अपनी पत्नी के साथ सफर कर रहे थे, जब जीव दया गौशाला के पास अचानक सड़़क पर एक गाय आ गई। जानवर को बचाने के प्रयास में वाहन असंतुलित हो गया और सड़क किनारे पेड़ से जा टकराया।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप सवार पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत आपणो गांव सेवा समिति की एम्बुलेंस को बुलाया, जिसके माध्यम से दोनों घायलों को श्रीडूंगरगढ़ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार करते हुए घावों पर टांके लगाए।
स्थानीय लोगों ने हादसे के लिए सड़कों पर लावारिस घूम रहे मवेशियों को जिम्मेदार ठहराया। आए दिन हो रहे ऐसे हादसों से आक्रोशित लोगों ने प्रशासन से इस गंभीर समस्या का स्थायी समाधान जल्द से जल्द निकालने की मांग की है।















