Bikaner Politics
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के बीकानेर दौरे के दौरान कांग्रेस नेताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ता “हिंदुस्तान नहीं सहेगा तिरंगे और सेना का अपमान” लिखी तख्तियां लहराते हुए काफिले के सामने आ गए और बीजेपी नेताओं पर निशाना साधा।
प्रदर्शनकारियों ने विधायक बालमुकुंद आचार्य पर तिरंगे के अपमान का आरोप लगाया, साथ ही मध्यप्रदेश में सेना के खिलाफ कथित विवादित बयान देने वाले बीजेपी मंत्रियों की तस्वीरों वाली तख्तियां भी प्रदर्शन में प्रमुखता से दिखाईं।
इस विरोध का नेतृत्व देहात कांग्रेस जिलाध्यक्ष बिशनाराम सियाग ने किया। उनके साथ आनंद जोशी, श्रीकृष्ण गोदारा और अभिमन्यु सहित कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता मौजूद रहे। कांग्रेस ने इस विरोध के जरिए भाजपा को “देशविरोधी बयान और प्रतीकों के अपमान” के लिए आड़े हाथों लिया। कांग्रेस का आरोप है कि, भाजपा के कुछ नेता राष्ट्रीय प्रतीकों और सेना के सम्मान के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं, जो अस्वीकार्य है।















