Bikaner News
बीकानेर के नयाशहर पुलिस ने नशीले पदार्थों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए 14 जून को दोपहर करीब 2 बजे एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस टीम ने फूलनाथ जी तालाब क्षेत्र में चितौड़गढ़ निवासी एक व्यक्ति को रोका और पूछताछ के दौरान संदेह होने पर उसकी तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान व्यक्ति के पास से 491 ग्राम अवैध अफीम बरामद की गई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रतनलाल के रूप में हुई है, जो चितौड़गढ़ का रहने वाला है। पुलिस ने रतनलाल को मौके पर ही गिरफ्तार कर NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि अफीम कहां से लाई गई थी और किन-किन लोगों से उसका संपर्क था।
नयाशहर थाना प्रभारी ने बताया कि, नशे के सौदागरों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और क्षेत्र में नशे के नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए सख्त कदम उठाए जा रहे हैं।














