Patwari Bribery Case Rajasthan
भ्रष्टाचार पर लगाम कसते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। ACB चौकी झुंझुनूं इकाई ने बडबर पटवार हल्के के पटवारी सुरेन्द्र सिंह को 8000 रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। वहीं पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर गादली पटवार हल्के के पटवारी धर्मपाल सिंह को भी गिरफ्तार कर लिया गया, जो पहले ही परिवादी से 7000 रुपये ले चुका था और शेष रकम सुरेन्द्र सिंह को देने का इशारा कर चुका था।
ऑनलाइन प्रार्थना पत्र से शुरू हुई कार्रवाई
परिवादी ने ACB को शिकायत दी थी कि उसने अपनी पैतृक जमीन का सीमा ज्ञान करवाने के लिए तहसीलदार बुहाना को ऑनलाइन प्रार्थना पत्र भेजा था। इस कार्य के एवज में पटवारी धर्मपाल सिंह ने कुल 18,000 रुपये रिश्वत की मांग की थी। शिकायत की सत्यता जांचने के बाद 18 जून को ACB ने रिश्वत मांग की वार्ता रिकॉर्ड की, जिसमें धर्मपाल सिंह ने 7000 रुपये लेने की बात स्वीकार की।
25 जून को की गई दूसरी मांग
शिकायत के अनुसार, 25 जून को परिवादी सुरेन्द्र सिंह पटवारी से मिला, जहां उसने शेष 8000 रुपये की रिश्वत मांगी। इसी के बाद ACB ने ट्रैप योजना तैयार की और 30 जून को जाल बिछाकर दोनों आरोपियों को सुरेन्द्र सिंह के प्राइवेट ऑफिस में रंगे हाथों धर दबोचा।
ACB अधिकारियों की सतर्क निगरानी में हुई कार्रवाई
इस पूरी कार्रवाई का संचालन एसीबी जयपुर रेंज के डीआईजी अनिल कयाल के सुपरविजन में हुआ, जबकि नेतृत्व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक इस्माईल खान और पुलिस निरीक्षक सुरेशचंद ने किया। टीम ने मौके से रिश्वत की पूरी राशि 8000 रुपये बरामद की और आवश्यक दस्तावेजी कार्यवाही की जा रही है।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज
ACB ने आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान शुरू कर दिया है। मामले से जुड़े अन्य दस्तावेज व तथ्यों की भी जांच की जा रही है, जिससे यह पता लगाया जा सके कि कहीं यह भ्रष्टाचार कोई बड़ा रैकेट तो नहीं।
















