Rajasthan suicide case
बाड़मेर जिले के शिव थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है, जहां एक ही परिवार के चार लोगों ने सामूहिक आत्महत्या कर ली। उण्डू गांव निवासी शिवलाल (35), उनकी पत्नी कविता (32) और दो मासूम बेटे रामदेव (9) व बजरंग (8) के शव घर के बाहर खेत में बने पानी के टांके (टैंक) से बरामद हुए।
पड़ोसियों को जब घर में सन्नाटा और बच्चों की आवाजें नहीं सुनाई दीं, तब उन्होंने आशंका जताई और टांके में झांककर देखा तो होश उड़ गए। उन्होंने तुरंत शिव थाना पुलिस को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और चारों शवों को बाहर निकाला गया।
पुलिस के अनुसार, यह घटना शुक्रवार रात करीब 8 बजे की है। अब तक की जांच और बयान के आधार पर मामला सामूहिक आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। परिवार के मुखिया शिवलाल के भाई मांगीलाल बाड़मेर शहर में रहते हैं। फिलहाल पुलिस घटना के पीछे के कारणों की गहराई से जांच कर रही है।
गांव में पसरा मातम, कारणों पर सस्पेंस बरकरार
पूरे गांव में इस हृदयविदारक घटना से मातम का माहौल है। बच्चों की असमय मौत और पूरे परिवार के एक साथ चले जाने से हर कोई स्तब्ध है। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि परिवार को आत्महत्या जैसा कदम उठाने के लिए किस वजह ने मजबूर किया।
















