Rajasthan illegal liquor seizure
ऑपरेशन वज्र अभियान के तहत चूरू जिले की भानीपुरा पुलिस ने एक और बड़ी सफलता दर्ज की है। पुलिस ने पंजाब से गुजरात ले जाई जा रही भारी मात्रा में अवैध अंग्रेज़ी शराब की खेप को पकड़ते हुए एक अंतरराज्यीय शराब तस्कर को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपी स्वरूपाराम (28) बाड़मेर जिले के भादरेस पूनसिया गांव का रहने वाला है, जो एक कंटेनर ट्रक में शराब की बड़ी खेप लेकर सफर कर रहा था। पुलिस ने उसके ट्रक से पंजाब में निर्मित अंग्रेज़ी शराब के 526 कार्टन (कुल 6312 बोतलें) जब्त की हैं, जिनकी बाजार कीमत करीब ₹80 लाख आंकी गई है।
नेतृत्व और कार्रवाई का समन्वय:
इस हाई-प्रोफाइल कार्रवाई को अंजाम दिया गया पुलिस अधीक्षक जय यादव के निर्देशन में, जिसमें एएसपी लोकेन्द्र दादरवाल, वृत्ताधिकारी रोहित सांखला और थानाधिकारी रायसिंह की भूमिका अहम रही। टीम ने आरोपी को ट्रैक कर मौके पर धरदबोचा और आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दो महीनों में तीसरी बड़ी तस्करी का पर्दाफाश:
भानीपुरा पुलिस की ये कार्रवाई कोई पहली नहीं है। इससे पहले, 1 मई को 850 कार्टन शराब जब्त कर तस्करों को गिरफ़्तार किया गया था। 4 जुलाई को 26 कार्टन शराब की बरामदगी हुई थी। इस तरह दो महीनों में यह तीसरी बड़ी कार्रवाई है, जो इस बात का सबूत है कि भानीपुरा पुलिस तस्करी की नाक में दम कर रही है।


















