Bikaner News
पांच जुलाई को बीकानेर जिले के बज्जू थाना क्षेत्र की पंचपीठ की ढाणी गिराजसर में स्थित पंपिंग स्टेशन संख्या 4 पर एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां एक 12 वर्षीय बालक की नहर में डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान जोधपुर जिले के पाबूसर निवासी अशोक पुत्र भीखसिंह राजपूत के रूप में हुई है।
परिवार के अनुसार, अशोक अपने परिजनों के साथ इलाके में आया हुआ था। बताया जा रहा है कि खेलते समय अशोक नहर के पास गया, जहां पांव फिसलने से वह पानी में गिर गया। कुछ ही पलों में अशोक नहर की तेज धार में बह गया, जिसे देखकर परिजनों में कोहराम मच गया।
हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद बालक का शव पानी से बाहर निकाला गया। पीड़ित पिता भीखसिंह राजपूत की रिपोर्ट पर पुलिस ने मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।














