Rajasthan Politics
राजस्थान की राजनीति में बयानबाज़ी की जंग एक बार फिर तेज हो गई है। नागौर जिले की खींवसर विधानसभा सीट से भाजपा विधायक रेवंतराम डांगा ने नागौर से सांसद हनुमान बेनीवाल (RLP) पर निशाना साधते हुए तीखा बयान दिया है। डांगा ने बेनीवाल की ओर से मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के खिलाफ की जा रही टिप्पणियों को “निम्न स्तर की बयानबाज़ी” बताते हुए उनकी कड़ी आलोचना की है।
यह राजनीतिक तकरार तब सामने आई जब हनुमान बेनीवाल ने जयपुर के शहीद स्मारक से लगातार सीएम शर्मा पर हमले बोले। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए डांगा ने कहा, “एक जनप्रतिनिधि से अपेक्षा की जाती है कि वह जनहित की बात करे, लेकिन हार के बाद से बेनीवाल तिलमिलाए बैठे हैं और अनर्गल प्रलाप कर रहे हैं।”
डांगा ने कटाक्ष करते हुए कहा कि “कांग्रेस की बैसाखियों पर दिल्ली पहुंचे बेनीवाल अब जयपुर के पवित्र शहीद स्मारक से सस्ती लोकप्रियता हासिल करने में लगे हैं। जनता ने जब खींवसर में घर बैठा दिया, तब से वह संयम खो बैठे हैं। लोकतंत्र में आलोचना होनी चाहिए, लेकिन भाषा और मर्यादा की एक सीमा होती है। जब कोई सांसद सरकारी आवास को अपना अधिकार समझता है और फिर नियमानुसार नोटिस मिलने पर उसे राजनीतिक द्वेष बता देता है, तो यह दिखाता है कि नैतिकता केवल मंच की बात बनकर रह गई है। जनाधार खोने के बाद जनता को ही दोष देना दुर्भाग्यपूर्ण है। यही जनता उन्हें 2008 से लगातार समर्थन देती रही है। राजनीति में विरोध की जगह हो सकती है, लेकिन तर्क और तथ्यों से रहित बयानबाज़ी केवल खोई लोकप्रियता पाने की कोशिश होती है।”















