Rajasthan Crime News
अनूपगढ़ चक 2 एमएसआर निवासी एक व्यक्ति ने पांच लोगों पर ब्लैकमेलिंग, अपहरण, मारपीट, धोखाधड़ी, धमकियों और आपराधिक षड्यंत्र जैसे गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
लिव-इन रिलेशनशिप बना साजिश का हिस्सा
पीड़ित के अनुसार, उसकी पत्नी से संतान न होने के कारण पारिवारिक तनाव के चलते श्रीकरणपुर की एक महिला ने उससे नजदीकियां बढ़ाईं और लिव-इन में रहने का प्रस्ताव दिया। महिला ने वादा किया कि वह जो संतान पैदा करेगी, उसे पीड़ित को सौंप देगी, बशर्ते वह उसके खर्चे उठाए। गर्भधारण के बाद महिला और उसके साथियों ने पीड़ित को धमकाना शुरू कर दिया। बार-बार ब्लैकमेल कर उससे ₹5,000 से ₹50,000 तक की राशि विभिन्न खातों में मंगवाई गई।
कार हड़पने की चालबाज़ी
24 अप्रैल 2024 को आरोपियों ने मिलकर पीड़ित को उसकी ही कार में जबरन बैठाया और श्रीकरणपुर ले जाकर ₹100 के स्टांप पेपर पर उसकी कार का झूठा हलफनामा महिला के नाम से तैयार करवाया। दो व्यक्तियों ने इस फर्जीवाड़े में गवाह बनकर साथ दिया।
25 मई को पंचायती समझौते में आरोपियों ने गलती मानी और कार लौटा दी, जिसके बाद पीड़ित ने पहले दर्ज कराए गए मुकदमे में समझौता कर लिया। मगर कुछ ही समय बाद आरोपियों ने दोबारा दोनों गाड़ियां हड़प लीं, खाली कागज़ों पर हस्ताक्षर करवाए और जमीन की ठेका राशि ₹40,000 भी जबरन छीन ली। फिलहाल पुलिस ने आईपीसी की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना ने स्थानीय क्षेत्र में सनसनी फैला दी है।
















