Bikaner News
राजलदेसर और परसनेऊ रेलवे ट्रैक के बीच शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया। जहां एक किशोर ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही राजलदेसर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर राजकीय अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। शव की पहचान शनिवार सुबह बीकानेर जिले के मोमासर गांव निवासी गोपीराम नाई (19) के रूप में हुई है, जो 11वीं कक्षा का छात्र था।
पुलिस के अनुसार, मृतक के बड़े भाई मनोज कुमार नाई ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट में बताया गया कि गोपीराम 10 जुलाई को अपनी बुआ के घर, राजलदेसर आया था। शुक्रवार सुबह वह घर से निकला और कुछ ही समय बाद रेलवे ट्रैक पर उसकी लाश मिली। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक ने ट्रेन के सामने कूदकर जान दी। हालांकि आत्महत्या के कारणों का अब तक कोई स्पष्ट सुराग नहीं मिल पाया है।
राजलदेसर थाना पुलिस ने मर्ग दर्ज कर ली है और आत्महत्या के पीछे के कारणों की तहकीकात की जा रही है। युवक के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है।पुलिस का कहना है कि मृतक के मोबाइल और परिवार के बयानों के आधार पर पूरी पड़ताल की जाएगी कि आखिर एक छात्र ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया।















