Bikaner Crime News
बीकानेर जिले के महाजन इलाके में जामनगर एक्सप्रेसवे पर एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। गुरुवार रात को पुलिस की नाकाबंदी तोड़कर भागे युवकों को पीछा कर दबोच लिया गया। इनमें से दो के पास से अवैध हथियार (गंडासी) बरामद हुए हैं।
महाजन थानाधिकारी कश्यपसिंह के अनुसार, बीकानेर की ओर से आ रही एक पिकअप गाड़ी को रुकने का इशारा किया गया। लेकिन उसमें सवार युवक वाहन को तेज रफ्तार में भगा ले गए। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पीछा कर उन्हें पकड़ लिया। तलाशी के दौरान दो युवकों के पास से अवैध गंडासी मिली, लेकिन हथियारों के संबंध में वे कोई ठोस जवाब नहीं दे सके। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हनुमानगढ़ के बहलोल नगर निवासी बबलू मोयल और पवन ढाका के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
वहीं, पिकअप में सवार अन्य युवकों को पुलिस ने शांति भंग करने की आशंका में धारा 151 के तहत हिरासत में लिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि अवैध हथियारों का इस्तेमाल किस मकसद से किया जाना था।















