Bikaner News Today
बीकानेर शहर के दिल रताणी व्यासों के चौक में एक बार फिर पुरानी इमारत का खतरा सामने आया है। सोमवार देर शाम अचानक एक जर्जर मकान की दीवार भरभराकर गिर गई। जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सौभाग्य से इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन दो साइकिलें मलबे में दब गईं और मलबा सड़क पर फैल जाने के कारण मुख्य मार्ग भी बाधित हो गया। यह मार्ग मोहता चौक से नत्थूसर गेट की ओर जाता है और काफी व्यस्त रहता है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यह मकान पिछले लंबे समय से जर्जर अवस्था में था और कई बार इसको लेकर शिकायत भी की गई थी। नगर निगम द्वारा जर्जर भवनों की पहचान का सर्वे तो जरूर शुरू किया गया है, लेकिन अब तक किसी भी खतरे वाले मकान को गिराने की कार्यवाही नहीं हुई है।
इसी बीच, मौसम विभाग ने 31 जुलाई को तेज बारिश की चेतावनी दी है, जिससे पुराने मकानों के ध्वस्त होने का खतरा और बढ़ गया है।















