Bikaner News Today
बीकानेर जिले के श्रीडूंगरगढ़ थाना क्षेत्र में एक महिला के साथ उसके ही घर में दुष्कर्म का प्रयास किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि तीन लोगों ने रात के अंधेरे में घर में घुसकर उसे जबरन चारपाई से नीचे गिरा दिया और गले से मंगलसूत्र छीनकर फरार हो गए।
घटना 26 जुलाई की रात करीब 12 बजे की है। महिला ने बताया कि क्षेत्र के दो युवक पिछले दो महीनों से उसे नाजायज संबंध बनाने के लिए मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे। उस रात तीसरे व्यक्ति के साथ वे घर में घुस आए और जबरन दुष्कर्म की कोशिश की। शोर मचाने पर उसका पति जाग गया, जिसके बाद आरोपी भाग खड़े हुए।
पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने दो नामजद आरोपियों समेत तीन के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की गहनता से पड़ताल की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की उम्मीद जताई जा रही है।














