Rajasthan student union election protest
राजस्थान की राजनीति में एक बार फिर उबाल आ गया है। छात्रसंघ चुनाव की बहाली को लेकर जयपुर की सड़कों पर जब NSUI उतरी, तो सरकार के पसीने छूट गए। कांग्रेस के फायरब्रांड नेता Sachin Pilot खुद छात्रों के साथ मोर्चा संभालते दिखे। लेकिन जैसे ही काफिला मुख्यमंत्री आवास की ओर बढ़ा, पुलिस ने वॉटर कैनन से हमला बोल दिया। चौंकाने वाली बात यह रही कि पायलट खुद भी पानी की तेज बौछार की चपेट में आ गए, जिससे पूरे प्रदेश में सियासी भूचाल आ गया।

पायलट ने तीखे तेवर में कहा, “सरकार को चुनाव से इतनी दिक्कत क्यों है? क्या सत्ता में बैठे लोग जनता से डरते हैं? ग्रामीण क्षेत्रों में कोई काम नहीं हो रहा, और अब छात्रसंघ चुनाव को टालकर युवा शक्ति को कमजोर किया जा रहा है।” उन्होंने स्पष्ट कहा, “सरकार युवाओं की आवाज नहीं दबा सकती।”
विधायक अभिमन्यु पूनिया ने चेतावनी देते हुए कहा कि, अगर किसी छात्र पर मुकदमा दर्ज हुआ, तो कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी। मुकेश भाकर और मनीष यादव ने छात्रों को जुझारू बनने का संदेश देते हुए कहा, “यह लड़ाई हक की है, और पीछे हटने का वक्त नहीं।” NSUI ने साफ कर दिया कि अब यह केवल प्रदर्शन नहीं, आंदोलन है – और सरकार को झुकना ही होगा।















