Bikaner Kalasar News
बीकानेर जिले के कालासर गांव से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय कालासर में कार्यरत तृतीय श्रेणी अध्यापक लेवल-2 की शिक्षिका रीनू सिंह को सातवीं कक्षा की छात्रा से मारपीट करने के आरोप में निलंबित कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार को कक्षा के दौरान शिक्षिका ने छात्रा को पीटा और कथित तौर पर उसका सिर दीवार से टकरा दिया। घटना में छात्रा के सिर और कान पर चोट लग गई। मामला गंभीर होने पर अभिभावकों ने आपत्ति जताई, जिसके बाद शिक्षा विभाग सक्रिय हुआ।
जिले के डीईओ (माध्यमिक) किसन दान चारण ने तत्काल प्रभाव से संबंधित शिक्षिका को निलंबित कर दिया है। साथ ही विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं। निलंबन काल के दौरान शिक्षिका का मुख्यालय खाजूवाला ब्लॉक शिक्षा अधिकारी कार्यालय रहेगा। इस घटना ने स्थानीय स्तर पर शिक्षा व्यवस्था और विद्यालयों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।














