Bikaner Breaking
  • Home
  • Bharat
  • मनीषा हत्याकांड: CBI जांच के आदेश, लॉरेंस गैंग की धमकी से नया मोड़…
Image

मनीषा हत्याकांड: CBI जांच के आदेश, लॉरेंस गैंग की धमकी से नया मोड़…

Bhiwani Manisha Murder Case

हरियाणा के भिवानी जिले में 19 वर्षीय शिक्षिका Manisha murder case ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। 11 अगस्त को स्कूल से लौटने के बाद नर्सिंग कॉलेज में एडमिशन संबंधी जानकारी लेने गई मनीषा अचानक लापता हो गई थी। दो दिन बाद, 13 अगस्त को उसका शव खेत में बरामद हुआ। इस घटना ने राज्यभर में आक्रोश और विरोध प्रदर्शनों की लहर पैदा कर दी।

मुख्यमंत्री ने CBI जांच की घोषणा

लगातार बढ़ते विरोध और पीड़ित परिवार की मांग के बाद मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार को घोषणा की कि इस मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को सौंपी जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार और पुलिस पारदर्शिता के साथ काम कर रही है और पीड़िता को न्याय दिलाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

लॉरेंस बिश्नोई गैंग का दखल

इसी बीच मामला और पेचीदा तब हो गया, जब कुख्यात Lawrence Bishnoi गैंग ने सोशल मीडिया पर धमकी भरा पोस्ट जारी किया। इस पोस्ट में साफ कहा गया कि अगर हरियाणा पुलिस न्याय दिलाने में नाकाम रही तो गैंग खुद हत्यारों को सजा देगा। गैंगवार की एंट्री से हरियाणा की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। कनाडा में बैठे बिश्नोई गैंग के सहयोगी गोल्डी ढिल्लों ने न केवल इस मामले में हस्तक्षेप का दावा किया, बल्कि कनाडा के ब्रैम्पटन में हुए सोनू छठा हत्याकांड की जिम्मेदारी भी ली। उसने दावा किया कि छठा, सांसद धानुआ की हत्या की साजिश में शामिल था और लॉरेंस के नाम पर रंगदारी वसूली कर रहा था।

प्रदेश के लिए चुनौती

फिलहाल लॉरेंस बिश्नोई जेल में है, जबकि गोल्डी ढिल्लों विदेश से सक्रिय है। ऐसे में सुरक्षा एजेंसियों को आशंका है कि यह मामला प्रदेश में नई गैंगवार की चिंगारी को भड़का सकता है। मनीषा के परिवार और ग्रामीणों का कहना है कि जब तक अपराधियों को सख्त सजा नहीं मिलती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। मुख्यमंत्री की ओर से CBI जांच की घोषणा के बाद लोगों को उम्मीद है कि पीड़िता को न्याय जल्द मिलेगा।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *