Vaishno Devi landslide News
जम्मू-कश्मीर के कटरा स्थित वैष्णो देवी धाम ट्रैक पर मंगलवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। अर्धकुमारी मंदिर के पास इंद्रप्रस्थ भोजनालय के निकट हुए लैंडस्लाइड में मरने वालों की संख्या बुधवार सुबह बढ़कर 32 हो गई है। प्रशासन ने पुष्टि की है कि अब तक 23 से अधिक लोग घायल हुए हैं और कई अभी भी लापता हैं। भारी बारिश के बीच अचानक पहाड़ से गिरे बड़े-बड़े पत्थर और मलबा श्रद्धालुओं के लिए काल साबित हुए। चश्मदीदों का कहना है कि कुछ ही सेकंड में सबकुछ तबाह हो गया। लोग संभल भी नहीं पाए और पूरा ट्रैक मलबे से भर गया।

कटरा यात्रा स्थगित, 22 ट्रेनें रद्द
हादसे के बाद प्रशासन ने एहतियात के तौर पर वैष्णो देवी यात्रा फिलहाल रोक दी है। नॉर्दर्न रेलवे ने जम्मू-कटरा रूट पर चलने वाली 22 ट्रेनों को रद्द कर दिया है। 27 ट्रेनों को शॉर्ट टर्मिनेट किया गया है। हालांकि, कटरा से श्रीनगर के बीच रेल सेवाएं जारी हैं।


श्रद्धालुओं के दर्द भरे किस्से
- मोहाली की श्रद्धालु किरण ने बताया, “मैं दर्शन करके लौट रही थी तभी लोग चिल्लाने लगे। पत्थर गिरते देख मैं किसी तरह बची, लेकिन घायल हो गई। हमारे ग्रुप के तीन लोग गंभीर रूप से जख्मी हैं।”
- एक और महिला ने रोते हुए कहा, “मैं और मेरे पति तो बच गए लेकिन मेरे तीनों बच्चे मलबे में दब गए। सबकुछ पलक झपकते ही खत्म हो गया।”
- एक व्यक्ति ने बताया कि उसके परिवार के बच्चे और पत्नी आगे निकल गए थे, तभी भारी चट्टानें गिर पड़ीं। “अब तक उनका कुछ पता नहीं चला है, हम टूट चुके हैं।”

मंगलवार को जम्मू में 24 घंटे से भी कम समय में 250 मिमी से ज्यादा बारिश दर्ज की गई। इसके चलते कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात हैं। खेतों और घरों में पानी भर गया है, वहीं पहाड़ी इलाकों में लगातार लैंडस्लाइड का खतरा बना हुआ है।

















