Bikaner Crime News
बीकानेर जिले की कोलायत तहसील से बड़ी खबर सामने आई है, जहां एक युवक का अपहरण कर बेरहमी से पिटाई करने और चलती गाड़ी से नीचे फेंकने का सनसनीखेज मामला दर्ज हुआ है।
जानकारी के अनुसार पीड़ित धर्मपाल पुत्र हरिकिशन निवासी कोलायत वार्ड नंबर 08 ने पुलिस को रिपोर्ट दी कि आरोपी जय सिंह, विशाल सिंह, विक्रम सिंह, कालूसिंह सहित अन्य लोग हथियारों से लैस होकर आए और उस पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपियों ने उसे लाठी, सरिये और डंडों से बुरी तरह पीटा, जिससे वह बेहोश होकर गिर पड़ा।
पीड़ित ने बताया कि हमलावर उसे उसकी बाइक सहित जबरन उठाकर चानी इलाके की ओर ले गए और वहां भी लगातार मारपीट की। बाद में आरोपियों ने उसे जान से मारने की नीयत से चलती गाड़ी से नीचे पटक दिया। धर्मपाल ने पुलिस को यह भी बताया कि उसके पास उस समय एक लाख रुपये से अधिक नकदी, मोबाइल फोन और वाहन भाड़े की राशि थी, जिसे आरोपियों ने छीन लिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने सभी नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और जांच का जिम्मा हेडकॉन्स्टेबल लखपत सिंह को सौंपा गया है।















