Bihar Election 2025
बिहार की राजनीति में विधानसभा चुनाव से पहले पाला बदलने का खेल तेज हो गया है। इस बार सबसे ज्यादा झटका RJD को लगता दिख रहा है। पार्टी के करीब 8 विधायक या तो NDA और BJP की तरफ रुख कर चुके हैं या फिर लालू-तेजस्वी परिवार से दूरी बनाकर नई राजनीतिक जमीन तलाश रहे हैं।
इनमें बाहुबली नेताओं के परिवार से लेकर लालू यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप तक शामिल हैं। सवाल यही है कि – बगावत की यह लहर RJD को फायदा पहुंचाएगी या भारी नुकसान करेगी?
- नवादा से ‘PM मंच’ पर दिखीं विभा देवी
लालू यादव के करीबी रहे बाहुबली राजबल्लभ यादव की पत्नी व नवादा विधायक विभा देवी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मंच पर नजर आईं। इसके बाद से उनके RJD से किनारा करने की चर्चा जोरों पर है। वहीं, हाल ही में उनके विरोधी कौशल यादव RJD में शामिल हो गए हैं। ऐसे में विभा का अगला कदम काफी अहम माना जा रहा है।
- शिवहर के चेतन आनंद – पहले ही बदल चुके पाला
शिवहर विधायक चेतन आनंद फरवरी 2024 के फ्लोर टेस्ट के समय ही JDU के साथ चले गए थे। दिलचस्प बात यह है कि उनकी मां लवली आनंद पहले से JDU सांसद हैं।
- अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी – JDU के पाले में
बाहुबली अनंत सिंह की पत्नी और विधायक नीलम देवी ने भी RJD से दूरी बना ली है। नीतीश सरकार के फ्लोर टेस्ट के दौरान वे JDU के साथ खड़ी रहीं। अब अनंत सिंह खुद बरी होने के बाद चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी कर रहे हैं।
- प्रकाश वीर का टिकट काटने का ऐलान
नवादा की राजनीति में एक और झटका प्रकाश वीर को लग सकता है। वे लगातार दो बार से RJD विधायक हैं, लेकिन तेजस्वी यादव ने अपनी यात्रा के दौरान संकेत दे दिए हैं कि अगला टिकट उन्हें नहीं मिलेगा।
- लखीसराय के दिग्गज प्रह्लाद यादव भी अलग राह पर
लगातार पांच बार चुनाव जीत चुके दबंग नेता प्रह्लाद यादव NDA की तरफ झुक गए हैं। हालांकि NDA के अंदर भी उनकी दावेदारी को लेकर असमंजस है।
- दलित सम्मान के नाम पर संगीता कुमारी ने छोड़ा साथ
दलित विधायक संगीता कुमारी ने फ्लोर टेस्ट के समय BJP का हाथ थाम लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि RJD में दलितों को सम्मान नहीं मिल रहा।
- भभुआ से भरत बिंद – भाजपा में एंट्री
भभुआ विधायक भरत बिंद भी भाजपा के संपर्क में हैं। उन्होंने 2020 में भाजपा उम्मीदवार को हराया था, लेकिन अब खुद भाजपा में शामिल हो चुके हैं।
- लालू के बेटे तेज प्रताप को पार्टी से निकाला
सबसे बड़ा झटका परिवार के भीतर से! RJD सुप्रीमो लालू यादव ने अपने बड़े बेटे तेज प्रताप यादव को पार्टी से बाहर कर दिया है। अब वे हसनपुर या महुआ से बगावत कर चुनाव लड़ने की तैयारी में हैं।
महनार से वीणा सिंह भी कर सकती हैं किनारा
बाहुबली नेता रामा सिंह की पत्नी और विधायक वीणा सिंह का भी RJD से मोहभंग होता दिख रहा है। खुद रामा सिंह LJP (R) में जा चुके हैं और महनार सीट से उनकी दावेदारी की चर्चा है।















