Bikaner Weather News
बीकानेर में रविवार को हुई भारी बरसात ने जिले के ग्रामीण इलाकों में तबाही मचा दी। जगह-जगह कच्चे मकान धराशायी हो गए और कई घरों-दुकानों में पानी घुसने से व्यापारियों को लाखों रुपये का नुकसान उठाना पड़ा।
श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र का सुरजनसर गांव सबसे ज्यादा प्रभावित रहा। यहां दो दिन में करीब एक दर्जन मकान गिर गए, जिससे कई परिवारों के पास सिर छुपाने तक की जगह नहीं बची। कोजूराम प्रजापत, बुधाराम नायक और रेवंताराम मेघवाल जैसे ग्रामीणों के मकान पूरी तरह ढह गए। इनमें से कुछ परिवार तो अब पूरी तरह बेघर हो चुके हैं। मलबे के नीचे ग्रामीणों का घरेलू सामान दब गया और लोग जान बचाकर बाहर निकले।
गांव के सरपंच ओमप्रकाश शर्मा ने तुरंत राहत कार्य शुरू कर पीड़ितों की मदद की। उन्होंने कोजूराम प्रजापत के लिए झोंपड़ी तैयार करवाकर अस्थायी ठिकाना उपलब्ध कराया। शर्मा ने प्रशासन से सर्वे करवाने और प्रभावित परिवारों को सरकारी सहायता देने की मांग की है। साथ ही उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि पुराने और जर्जर मकानों में रहना खतरे से खाली नहीं है, इसलिए लोग ग्राम पंचायत भवन या अन्य सरकारी भवनों में आकर शरण लें।
सरपंच का कहना है कि, “सबसे पहले जनजीवन की सुरक्षा ज़रूरी है, बाकी नुकसान की भरपाई बाद में हो जाएगी।” प्रशासन ने भी मौके का जायज़ा लेकर प्रभावितों की मदद करने का भरोसा दिलाया है।















