Bikaner News Today
बीकानेर जिले के नोखा में बीती रात जोरावरपुरा स्थित नगर पालिका के ट्रीटमेंट प्लांट पर ड्यूटी के दौरान लापता हुआ सफाईकर्मी कालुराम आखिरकार मृत अवस्था में मिला। देर रात अचानक गायब हुए कालुराम की तलाश में पुलिस और नगरपालिका टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया, लेकिन सफलता सुबह मिली जब प्लांट से उसका शव बरामद हुआ।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात को ड्यूटी के दौरान कालुराम अचानक गायब हो गया। काफी देर तक उसका कोई सुराग नहीं लगा तो कर्मचारियों ने आसपास खोजबीन की। प्लांट के पास उसका मोबाइल और जूते मिलने से आशंका जताई गई कि वह अंदर गिर गया होगा। अंधेरा होने की वजह से रातभर रेस्क्यू अभियान चला लेकिन सफलता नहीं मिली। शनिवार अलसुबह पुलिस और नगरपालिका टीम ने प्लांट से कालुराम का शव बाहर निकाला। घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे की जांच शुरू कर दी है।















