Red Fort Security Lapse
देश की शान और ऐतिहासिक धरोहर लाल किला एक बार फिर सुरक्षा चूक के कारण सुर्खियों में है। दिल्ली में आयोजित जैन समाज के दशलक्षण महापर्व के दौरान दो स्वर्ण कलश चोरी हो गए, जिनकी कीमत करीब 1.5 करोड़ रुपए बताई जा रही है। यह घटना 3 सितंबर की है, जबकि इसका सीसीटीवी फुटेज 7 सितंबर को सामने आया। फुटेज में चौंकाने वाली बात यह रही कि चोर ने खुद को जैन पुजारी के वेश में ढाल रखा था और वह आराम से कीमती सामान से भरा बैग लेकर मंच से गायब हो गया।
चोरी हुए कलशों की खासियत
- पहले कलश पर 760 ग्राम सोने का नारियल जड़ा था।
- दूसरे 115 ग्राम के कलश पर हीरे, पन्ने और माणिक लगे थे।
- इन्हें जैन धर्म में अत्यंत पवित्र और पूजनीय माना जाता है।
दिल्ली पुलिस ने बताया कि संदिग्ध की पहचान कर ली गई है और जल्द ही उसकी गिरफ्तारी की जाएगी। चोरी हुए कलश बिजनेसमैन सुधीर जैन के स्वामित्व में थे। जो इन्हें प्रतिदिन अनुष्ठानों के लिए लाते थे। घटना वाले दिन कार्यक्रम में Lok Sabha Speaker Om Birla भी शामिल हुए थे। उनके स्वागत के दौरान हुई अफरातफरी के बीच ही कलश चोरी कर लिया गया।
लाल किले की सुरक्षा पर बड़े सवाल
यह पहला मौका नहीं है जब लाल किले की सुरक्षा पर सवाल खड़े हुए हों। हाल ही में 2 अगस्त को यहां रखे गए डमी बम का पुलिसकर्मी समय रहते पता नहीं लगा पाए थे। लगातार हो रही इन घटनाओं ने सवाल खड़ा कर दिया है – आखिर देश की इतनी संवेदनशील धरोहर लाल किला कितनी सुरक्षित है?

















