🔴 Rajasthan Youth Congress News
बरसात के दौरान अजमेर शहर की टूटी-फूटी सड़कों की मरम्मत नहीं होने से नाराज़ युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोमवार को अनोखे अंदाज़ में विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने आनासागर लिंक रोड पर मौजूद गड्ढों में पानी भरकर उनमें कमल के फूल लगा दिए। इस तरह से उन्होंने सरकार और प्रशासन को आड़े हाथों लिया।

युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहित मल्होत्रा ने कहा कि, करोड़ों रुपए खर्च होने के बावजूद शहर को स्मार्ट सिटी का रूप नहीं मिल पाया। बरसात से सड़कें जर्जर हो गई हैं—कहीं गहरे तो कहीं छोटे गड्ढे बन गए हैं। इन हालातों से आमजन परेशान है। लेकिन सरकार और प्रशासन पूरी तरह लापरवाह बने हुए हैं। बरसात से क्षतिग्रस्त सड़कें शहरवासियों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई हैं। गड्ढों के कारण रोज़ाना वाहन चालक हादसों का शिकार हो रहे हैं। इसके बावजूद न तो स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत कोई ठोस काम दिख रहा है और न ही विभागीय जिम्मेदार सक्रिय दिखाई दे रहे हैं।
कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि विधानसभा अध्यक्ष और उप मुख्यमंत्री के आश्वासनों के बावजूद अब तक मरम्मत कार्य शुरू नहीं हुआ है। यदि जल्द ही मुख्य मार्गों की मरम्मत नहीं की गई तो युवा कांग्रेस सार्वजनिक निर्माण विभाग (PWD) का घेराव करेगी और उप मुख्यमंत्री को काले झंडे दिखाकर विरोध दर्ज कराएगी।














