Bikaner Breaking
  • Home
  • Bharat
  • तमिलनाडु करूर में विजय की रैली में भगदड़, 20 की दर्दनाक मौत…
Image

तमिलनाडु करूर में विजय की रैली में भगदड़, 20 की दर्दनाक मौत…

🟡 Vijay rally accident Karur

अभिनेता से नेता बने थलापति विजय की रैली में शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया। करूर ज़िले में आयोजित इस जनसभा के दौरान भगदड़ मच गई, जिसमें 20 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में दो बच्चे भी शामिल हैं, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।

विजय, अपनी पार्टी टीवीके (तमिलगा वेट्री कज़गम) की चुनावी रैली को नामक्कल से संबोधित कर रहे थे। भारी भीड़ उमड़ने के कारण हालात काबू से बाहर हो गए। रैली स्थल पर लोगों की संख्या बढ़ती गई। भीड़ के दबाव से कई लोग बेहोश होकर गिर पड़े। अफरा-तफरी के बीच एम्बुलेंस को भी घटनास्थल तक पहुंचने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।

जानकारी के मुताबिक, स्थिति को समझते ही विजय ने अपना भाषण बीच में ही रोक दिया और मंच से ही लोगों तक पानी की बोतलें पहुंचाने की कोशिश की। करूर सरकारी अस्पताल में घायलों को भर्ती कराया गया है, जहां कई की हालत नाज़ुक बताई जा रही है। अस्पताल प्रशासन और पुलिसकर्मियों को हालात संभालने में काफी कठिनाई का सामना करना पड़ा।

इस घटना पर पीएम मोदी की भी प्रतिक्रिया आई है। पीएम मोदी ने इस घटना पर दुख जताया है। प्रधानमंत्री ने एक्स पर लिखी पोस्ट में कहा कि तमिलनाडु के करूर में राजनीतिक रैली के दौरान हुई यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना अत्यंत दुःखद है। मेरी संवेदनाएं उन परिवारों के साथ हैं, जिन्होंने अपनों को खो दिया। मैं इस कठिन समय में उनके लिए शक्ति की कामना करता हूं। साथ ही, सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने इस घटना पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा— “करूर से आ रही खबरें बेहद चिंताजनक हैं।” सीएम ने स्वास्थ्य मंत्री मा सुब्रमण्यम और मंत्री अन्बिल महेश को तुरंत करूर भेजा है, साथ ही ज़िला प्रशासन को हरसंभव सहायता देने के निर्देश दिए हैं। स्टालिन ने जनता से अपील की है कि वे चिकित्सकों और पुलिस प्रशासन के साथ सहयोग करें।

हादसे के बाद विजय ने भी गहरा शोक जताया और मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि पार्टी हर संभव मदद करेगी।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *