🔴 Bikaner Crime News
बीकानेर जिले के नोखा थाना क्षेत्र से मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। एक व्यक्ति द्वारा घर में घुसकर महिला से दुष्कर्म करने का आरोप लगा है। पीड़िता ने आरोपी फुलाराम के खिलाफ नोखा पुलिस थाने में मामला दर्ज करवाया है।
जानकारी के अनुसार, घटना 4 अक्टूबर की रात की बताई जा रही है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसकी सास की तबीयत खराब होने के कारण उसका पति 1 अक्टूबर से बीकानेर के पीबीएम अस्पताल में उनके इलाज के लिए रुका हुआ है। इस दौरान वह अकेली अपने झोपड़े में सो रही थी।
पीड़िता के अनुसार, रविवार देर रात फूलाराम उसके झोपड़े में जबरन घुस आया और उसके साथ गलत काम करने का प्रयास किया। जब उसने शोर मचाया तो उसका जेठ और काका मौके पर पहुंच गए और आरोपी को पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस को सूचना देकर आरोपी को सौंप दिया गया। महिला ने यह भी बताया कि, इससे एक दिन पहले, शनिवार रात को भी आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया था। उस समय आरोपी ने मुंह पर हाथ रखकर उसे डराया-धमकाया और किसी को बताने पर बच्चों समेत जान से मारने की धमकी दी। डर और समाज की शर्म के कारण उसने किसी को कुछ नहीं बताया, लेकिन रविवार रात फिर से वारदात की कोशिश होने पर उसने शोर मचाकर परिजनों को बुला लिया।
नोखा थानाधिकारी अरविंद भारद्वाज ने बताया कि, पीड़िता की रिपोर्ट पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। अब पीड़िता के बयान और मेडिकल जांच की प्रक्रिया की जा रही है। रिपोर्ट आने के बाद जांच आगे बढ़ाई जाएगी और आरोप प्रमाणित पाए जाने पर आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।














